अवैध शराब नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा, दो और गिरफ्तार; 200 पेटी शराब
राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब के नेटवर्क के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने एंड-टू-एंड विवेचना के तहत कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 200 पेटी यानी 9 हजार 600 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। जब्त शराब, दो चारपहिया वाहन और दो मोबाइल फोन समेत सामग्री की कुल कीमत करीब 19 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक इस मामले में अब तक कुल 14 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। 
https://www.instagram.com/reel/Ddv_U2xqbEk/?utm_source=ig_web_copy_link&stkn=MzRlODBiNWFlZA==
पुलिस के अनुसार, अवैध शराब के इस नेटवर्क की जांच के दौरान सामने आए सुरागों के आधार पर दो और आरोपियों तक पुलिस पहुंची। गिरफ्तार आरोपियों में मोहारा निवासी महेंद्र वर्मा और भिलाई निवासी रमाशंकर राजपूत शामिल हैं। पूछताछ के बाद दोनों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में शराब बरामद की।
पुलिस के मुताबिक महेंद्र वर्मा की निशानदेही पर ग्राम मोहारा से उत्तराखंड निर्मित रॉयल गोवा स्प्रिट अंग्रेजी शराब की 50 पेटियां बरामद की गईं। इन पेटियों में कुल 2 हजार 400 बोतल शराब मिली। वहीं दूसरे आरोपी रमाशंकर राजपूत की निशानदेही पर धमतरी जिले के कचना स्थित एक फार्महाउस से 150 पेटी अवैध शराब बरामद की गई। इन पेटियों में कुल 7 हजार 200 बोतल शराब मिली।
इस तरह दोनों आरोपियों से कुल 9 हजार 600 बोतल यानी 200 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई। इसके अलावा शराब के परिवहन और नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे दो चारपहिया वाहन और दो मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 19 लाख 5 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस की जांच में लगातार नए नाम और ठिकाने सामने आने के साथ ही अवैध शराब के नेटवर्क की कड़ियां जुड़ती जा रही हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन-किन स्थानों पर खपाने की तैयारी थी। साथ ही नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों और शराब की सप्लाई से जुड़े संभावित संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में एंड-टू-एंड विवेचना के तहत कार्रवाई की जा रही है, ताकि केवल शराब की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि पूरे नेटवर्क की कड़ियों का पता लगाकर उससे जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके। अब तक 14 आरोपियों की गिरफ्तारी इस कार्रवाई की बड़ी कड़ी मानी जा रही है। मामले में आगे भी पूछताछ और जांच के आधार पर कार्रवाई जारी रहने की बात पुलिस ने कही है।
