ऑक्सीजोन में आम का पेड़ काटा, महापौर-कमिश्नर को भी नहीं जानकारी
रायपुर। राजधानी के कलेक्टोरेट परिसर स्थित ऑक्सीजोन में सिस्टम की अनदेखी का एक मामला सामने आया है। यहां एक आम के पेड़ को काट दिया गया, जबकि पेड़ काटे जाने की जानकारी नगर निगम के महापौर मीनल चौबे और कमिश्नर को भी नहीं है।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इसी आम के पेड़ को तिरंगे के केसरिया, सफेद और हरे रंग से सजाया गया था। 15 अगस्त को पेड़ आकर्षण का केंद्र बना हुआ था और शान से खड़ा नजर आ रहा था।
लेकिन स्वतंत्रता दिवस के कुछ ही दिनों बाद पेड़ को काट दिया गया। इससे ऑक्सीजोन में हरियाली और पर्यावरण संरक्षण को लेकर किए जा रहे दावों पर सवाल उठने लगे हैं।
खास बात यह है कि पेड़ काटने का निर्णय किसके निर्देश पर लिया गया और इसके लिए अनुमति किस स्तर से मिली, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। नगर निगम के महापौर और कमिश्नर को भी इसकी जानकारी नहीं होना पूरे मामले को और गंभीर बना रहा है।
अब सवाल उठ रहा है कि ऑक्सीजोन जैसे हरित क्षेत्र में बिना सक्षम अधिकारियों की जानकारी के पेड़ काटने की अनुमति किसने दी? मामले की जांच होने पर ही स्पष्ट होगा कि पेड़ काटने के पीछे क्या वजह थी और जिम्मेदार कौन है।
