FEATUREDGadgetsGeneralLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़मनोरंजनराजनीतिरायपुररायपुरसत्ता

एक नवंबर से मनेगा राज्योत्सव, राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में अन्य प्रांतों से आएंगे कलाकार, छत्‍तीसगढ़

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव एक नवंबर से तीन नवंबर तक साइंस कालेज मैदान रायपुर में आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने मंत्रालय महानदी भवन में अधिकारियों की बैठक ली। इसमें इस अवसर पर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव एवं राज्य अलंकरण समारोह की तैयारियों पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में डीजीपी अशोक जुनेजा भी मौजूद रहे। मुख्य सचिव ने राज्योत्सव के आयोजन के संबंध में संस्कृति विभाग के अधिकारियों को सभी तैयारियां करने के निर्देश दिए। उन्होंने एक नवंबर को राज्य अलंकरण समारोह में विभिन्न् विभागों द्वारा प्रदान किए जाने वाले सम्मान एवं पुरस्कारों के संबंध में सभी आवश्यक जानकारी 15 अक्टूबर तक सामान्य प्रशासन विभाग को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

सभी विभागों का होगा प्रचार
मुख्य सचिव ने राज्य शासन के सभी विभागों को अपने-अपने विभाग की योजनाओं की जानकारी और उपलब्धियों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए ब्रोशर, पांपलेट, हैंड बिल और आडियो-वीडियो तैयार कर इसका वितरण व प्रदर्शन करने को कहा। मुख्य सचिव ने कहा कि राज्योत्सव एक ऐसा अवसर है, जिसके माध्यम से शासकीय विभाग अपने-अपने विभागों की गतिविधियों एवं प्रगति को आम जनता तक सहजता से पहुंचा सकते हैं।

अन्य प्रांतों से आएंगे कलाकार
मुख्य सचिव ने राज्योत्सव स्थल साइंस कालेज मैदान में सभी आवश्यक व्यवस्थाओं एवं तैयारियां करने के निर्देश दिए। समारोह आयोजन समन्वय समिति का शीघ्र गठन करने को भी कहा। बैठक में जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल होने भारत के सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के कलाकारों को आमंत्रित किया जाएगा। आमंत्रण के लिए राज्य के जनप्रतिनिधि विभिन्न् राज्यों में जाएंगे।

इन सुविधाओं से परिपूर्ण होगा आयोजन स्थल
राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के प्रतिभागी कलाकारों के ठहरने की व्यवस्था के संबंध में सभी आवश्यक तैयारियां अभी से शुरू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। महोत्सव के दौरान यातायात व्यवस्था, चिकित्सा व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, अग्निशमन दल, शौचालय आदि व्यवस्था करने के लिए विभिन्न् विभागों के अधिकारियों को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। बैठक में राज्य स्तरीय मानस मंडली 2023 के आयोजन के संबंध में भी आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए गए। राज्य स्तरीय मानस मंडली 2023 का आयोजन फरवरी 2023 में होगा। वीडियो कांफ्रेंसिंंग के जरिए बैठक में संस्कृति विभाग के सचिव अन्बलगन पी. सहित आदिम जाति कल्याण विभाग, गृह, महिला बाल विकास विभाग, नगरीय प्रशासन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण, ऊर्जा, स्वास्थ्य, श्रम, उद्योग, ग्रामोद्योग, पंचायत ग्रामीण विकास सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us

Follow us on Facebook Follow us on Twitter Subscribe us on Youtube