चांदो पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय मवेशी तस्करी का भंडाफोड़
बलरामपुर। जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों से लगातार हो रही मवेशी तस्करी के खिलाफ चांदो पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्कर छह भैंसों को क्रूरतापूर्वक पिकअप वाहन में ठूंसकर झारखंड के बूचड़खाने ले जा रहे थे। इस दौरान दम घुटने से एक भैंस की मौत हो गई थी। पुलिस की तत्परता से पांच जीवित भैंसों को बूचड़खाने पहुंचने से पहले ही बचा लिया गया।

जानकारी के अनुसार, तस्कर सामरी की ओर से पिकअप वाहन में भैंसों को भरकर झारखंड की ओर ले जा रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर चांदो पुलिस ने घेराबंदी कर वाहनों को रोक लिया। जांच के दौरान पिकअप में छह भैंसें क्रूरतापूर्वक भरी मिलीं, जिनमें से एक की दम घुटने से मौत हो चुकी थी। पुलिस ने तत्काल पांच जीवित भैंसों को सुरक्षित बाहर निकलवाया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप और तस्करों के वाहन को रास्ता दिखाने तथा पुलिस गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आगे चल रही अर्टिगा कार को भी जब्त किया है।
पुलिस की पूछताछ में अंतरराज्यीय मवेशी तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं। इनकी तलाश में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सीमावर्ती इलाकों में लगातार हो रही मवेशी तस्करी पर इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
