गोल बाजार में बिक रही थी पाकिस्तानी गोरी क्रीम, ड्रग विभाग ने मारा छापा
रायपुर। राजधानी रायपुर के गोल बाजार में पाकिस्तान में निर्मित प्रतिबंधित गोरी क्रीम की बिक्री का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। केंद्र सरकार की ओर से पाकिस्तानी उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद राजधानी के बाजार में यह क्रीम खुलेआम बेची जा रही थी। मामले की सूचना मिलते ही ड्रग डिपार्टमेंट की टीम ने गोल बाजार की दुकानों में छापेमारी कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गोल बाजार की कुछ दुकानों में पाकिस्तान में निर्मित प्रतिबंधित गोरी क्रीम की बिक्री किए जाने की शिकायत सामने आई थी। बताया जा रहा है कि दुकानदार इस क्रीम को 300 से 550 रुपये तक की कीमत में ग्राहकों को बेच रहे थे। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदार क्रीम के इस्तेमाल से चेहरे का रंग गोरा होने का दावा भी कर रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ड्रग डिपार्टमेंट की टीम ने गोल बाजार पहुंचकर संबंधित दुकानों में जांच-पड़ताल शुरू की। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित उत्पाद राजधानी के बाजार तक कैसे पहुंचा और इसकी सप्लाई किन माध्यमों से की जा रही थी। साथ ही दुकानों में उपलब्ध क्रीम के स्टॉक और उसकी बिक्री से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने पाकिस्तानी उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। इसके बावजूद इस तरह के उत्पादों का बाजार में बिकना कई सवाल खड़े करता है। आखिर प्रतिबंधित उत्पाद सीमा पार से किन रास्तों से राजधानी तक पहुंच रहे हैं और इन्हें बाजार में बेचने के पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसकी पड़ताल की जा रही है।
इस मामले ने राजधानी के कॉस्मेटिक बाजार में बिकने वाले उत्पादों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल ड्रग डिपार्टमेंट की जांच जारी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि प्रतिबंधित क्रीम कितनी दुकानों में बेची जा रही थी और इसके कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।
