FEATUREDGeneralLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़रायपुर

65 हाथियों के दल ने गांव में मचाया उत्पात, मकान की दीवार तोड़ खाया धान

कोरबा। जिले में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। जंगली हाथियों के बड़े झुंड की गांवों में आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ताजा मामला पसान क्षेत्र के बनखेता गांव का है, जहां शनिवार रात करीब 10 से 11 बजे 65 हाथियों का विशाल दल पहुंच गया। हाथियों ने एक ग्रामीण के कच्चे मकान को निशाना बनाते हुए दीवार तोड़ दी और घर के भीतर रखा धान व चावल खा लिया।

कोरबा के बनखेता में 65 हाथियों का आतंक, गरीबों के मकानों को बनाया निशाना; घर में रखा धान-चावल खा गए

जानकारी के अनुसार, रात के समय अचानक हाथियों का दल गांव में पहुंचा। हाथियों ने ग्रामीण के घर की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे अनाज को खा लिया। इस दौरान घर में रखे बर्तनों को भी पैरों से कुचलकर क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथियों की आहट और उत्पात से परिवार के लोग बुरी तरह घबरा गए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिवार के सदस्यों ने अपनी जान बचाने के लिए तत्काल घर छोड़ दिया और सुरक्षित स्थान की ओर भागे। हाथियों के गांव में पहुंचने से आसपास के ग्रामीणों में भी भय का माहौल है। जिले में लगातार हाथियों की आवाजाही और मकानों व फसलों को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।

Admin

Reporter