बसेराकला में वन विभाग की दबिश, 100 नग साल चिरान जब्त
बलरामपुर। जिले में अवैध लकड़ी के कारोबार और तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन में विभागीय टीम ने सूचना के आधार पर बसेराकला गांव में दो घरों की तलाशी लेकर बड़ी मात्रा में साल की लकड़ी जब्त की है। कार्रवाई के दौरान टीम ने 100 नग साल चिरान, जिसकी कुल मात्रा 1.806 घन मीटर बताई गई है, बरामद की।

वन विभाग को बसेराकला गांव में अवैध रूप से साल की लकड़ी रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद विभागीय अमले ने संबंधित स्थानों पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान धनी राम और रामधनी, दोनों निवासी बसेराकला के घरों से 100 नग साल चिरान बरामद हुई।
वन विभाग ने जब्त लकड़ी को कब्जे में लेकर दोनों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद लकड़ी के स्रोत और उसे रखने से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
वन अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध कटाई, लकड़ी के परिवहन और भंडारण पर लगातार नजर रखी जा रही है। वनमंडलाधिकारी के निर्देशन में विभाग द्वारा जंगलों और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के साथ ही सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। ताजा कार्रवाई के बाद लकड़ी के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
