डोंगरगढ़-कटघोरा नई रेल लाइन परियोजना को मिली रफ्तार, रेल मंत्री ने की
राजनांदगांव/नई दिल्ली। राजनांदगांव सहित छत्तीसगढ़ के लोगों की वर्षों पुरानी मांग रही डोंगरगढ़-कटघोरा नई रेल लाइन परियोजना को बड़ी प्रशासनिक गति मिली है। गुरुवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में परियोजना की प्रगति और आगे की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पांडे तथा केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान डोंगरगढ़-कटघोरा नई रेल लाइन परियोजना के विभिन्न तकनीकी, प्रशासनिक और वित्तीय पहलुओं की समीक्षा की गई। परियोजना को शीघ्र आगे बढ़ाने तथा आवश्यक प्रक्रियाओं में तेजी लाने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
यह रेल लाइन बनने से राजनांदगांव, कबीरधाम, मुंगेली, कोरबा सहित मध्य छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा। साथ ही खनिज, कृषि और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ क्षेत्रीय विकास, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की उम्मीद है।
बैठक के बाद जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से परियोजना को जल्द धरातल पर उतारा जाएगा, जिससे लंबे समय से रेल संपर्क की प्रतीक्षा कर रहे लाखों लोगों को इसका लाभ मिल सकेगा।
