20 लाख के कर्ज ने बनाया चोर! जांजगीर के तीन मंदिरों में 16.60 लाख की चोरी
जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ और बम्हनीडीह क्षेत्र के तीन मंदिरों में हुई 16.60 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई शत-प्रतिशत नकदी और सामान बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह करीब 20 लाख रुपये के कर्ज में डूबा हुआ था। आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव से परेशान होकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मंदिरों को निशाना बनाया। आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से नवागढ़ और बम्हनीडीह क्षेत्र के तीन मंदिरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सूचना के आधार पर लगातार जांच की। 48 घंटे के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके पास से चोरी की गई पूरी नकदी और अन्य सामान भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस त्वरित कार्रवाई से मंदिर समितियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है तथा पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है।
