कांग्रेस विधायकों के आवास न लेने पर बीजेपी का तंज, बोली- यह सिर्फ
रायपुर। कांग्रेस विधायकों द्वारा सरकारी आवास नहीं लेने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अनुराग अग्रवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए इसे राजनीतिक दिखावा करार दिया।
अनुराग अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान एक मंत्री के परिजनों पर अटल आवास तोड़कर स्मार्ट सिटी और नगर निगम के धन से आलीशान भवन बनाकर कब्जा करने के आरोप लगे थे। उस समय किसी कांग्रेस विधायक ने सरकारी आवास छोड़ने या विरोध में पत्र लिखने की पहल नहीं की।
उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में प्रदेश के लगभग 18 लाख गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका। इस मुद्दे पर तत्कालीन मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने मंत्री पद से इस्तीफा दिया था, लेकिन उस समय अन्य कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री सरकारी बंगलों में बने रहे और किसी ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा नहीं दिया।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आज कांग्रेस विधायक सरकारी आवास नहीं लेने की बात कर रहे हैं, लेकिन यह जनहित का कदम नहीं बल्कि राजनीतिक चेहरा चमकाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस के इस कदम की वास्तविकता को अच्छी तरह समझती है।

