बिलासपुर को मिलेगी ट्रैफिक जाम से राहत, ₹827.20 करोड़ की 4-लेन रिंग रोड
बिलासपुर। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा है कि बिलासपुर शहर में लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव को देखते हुए लगभग 827.20 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 4-लेन रिंग रोड शहर की प्रमुख आवश्यकता बन गई है।

उन्होंने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण से शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा, ट्रैफिक जाम की समस्या में राहत मिलेगी और लोगों की आवाजाही अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगी। साथ ही रिंग रोड बनने से शहर के सुनियोजित विस्तार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
तोखन साहू ने कहा कि बिलासपुर के समग्र विकास और आधुनिक यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इस परियोजना को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि रिंग रोड के निर्माण से आने वाले वर्षों में शहर के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलेगी और नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
