सेंध लेक पर बाइक स्टंट करने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 3 दर्जन से ज्यादा
रायपुर। राजधानी के नया रायपुर स्थित सेंध लेक के पास स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बाइक से खतरनाक स्टंट करने वाले युवाओं पर पुलिस ने कार्रवाई की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मंदिर हसौद पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान तीन दर्जन से अधिक दोपहिया वाहन जब्त किए गए, जबकि 59 वाहनों के ई-चालान काटे गए।


दरअसल, पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि छुट्टियों और विशेष मौकों पर बड़ी संख्या में युवक सेंध लेक के आसपास पहुंचकर बाइक से खतरनाक स्टंट करते हैं। इससे सड़क पर दुर्घटना की आशंका के साथ दूसरे वाहन चालकों के लिए भी परेशानी की स्थिति बनती है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर 15 अगस्त को मंदिर हसौद पुलिस ने सेंध लेक और आसपास के क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट लगाकर दोपहिया और अन्य वाहनों की जांच की।


इस दौरान कई युवक बाइक पर तीन सवारी बैठाकर चलते मिले, जबकि कुछ युवक तेज रफ्तार में बाइक चलाते और स्टंट करते पाए गए। पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को जब्त किया।
पुलिस ने युवाओं को सड़क पर खतरनाक स्टंट नहीं करने और यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी है। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
