अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किमी कांवड़ पदयात्रा, जगह-जगह हो रहा
कवर्धा/अमरकंटक। नर्मदा मंदिर, अमरकंटक से भोरमदेव तक निकाली जा रही 151 किलोमीटर लंबी कांवड़ पदयात्रा में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है। पंडरिया विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांवड़िए बोल बम के जयघोष के साथ यात्रा पूरी करने के लिए आगे बढ़ रहे हैं।


यात्रा के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने पंडरिया विधायक भावना बोहरा एवं समस्त कांवड़ियों से फोन पर बातचीत कर उन्हें यात्रा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आत्मीय संवाद के माध्यम से सभी कांवड़ियों का उत्साहवर्धन किया और कठिन यात्रा के लिए शुभाशीष दिया।
विधानसभा अध्यक्ष का यह स्नेह और आत्मीयता कांवड़ियों के लिए नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करने वाला रहा। पदयात्रा में शामिल श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ अपने गंतव्य भोरमदेव की ओर आगे बढ़ रहे हैं।
जगह-जगह ग्रामीण कर रहे भव्य स्वागत
कांवड़ पदयात्रा के मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों और स्थानीय लोगों द्वारा कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया जा रहा है। ग्रामीण फूल-मालाओं के साथ विधायक भावना बोहरा और कांवड़ियों का स्वागत कर रहे हैं। कई स्थानों पर ग्रामीणों में यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

पूरे मार्ग में ‘बोल बम’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। श्रद्धालु नर्मदा जल लेकर भोरमदेव पहुंचेंगे, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। 151 किलोमीटर की यह पदयात्रा आस्था, भक्ति और सामाजिक सहभागिता का संदेश दे रही है।

