रामानुजगंज में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, हाथी के तीन जबड़ों के साथ तीन
रामानुजगंज/बलरामपुर। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक निजी धर्मशाला में छापेमारी कर हाथी के तीन जबड़ों के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड के दो निवासी और एक स्थानीय आरोपी शामिल है। कार्रवाई के बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग हाथी के अंगों की अवैध खरीद-फरोख्त के उद्देश्य से रामानुजगंज पहुंचे हैं। सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से एक निजी धर्मशाला में दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से हाथी के तीन जबड़े बरामद किए गए, जिन्हें वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रतिबंधित वन्यजीव अवशेष माना जाता है।
प्रारंभिक पूछताछ में यह मामला अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी नेटवर्क से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि बरामद जबड़े किस क्षेत्र से लाए गए थे और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। मामले में झारखंड सहित अन्य राज्यों के तस्करी नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि वन्यजीवों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
