मानिकपुर जंगल में देर रात हुआ भीषण हादसा, दो घायलों की हालत गंभीर
बलरामपुर। जिले के प्रसिद्ध बाबा बछराज कुंवर धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। मानिकपुर जंगल में तेज रफ्तार अर्टिगा कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु बाबा बछराज कुंवर धाम में दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। मानिकपुर जंगल के पास पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सीधे पेड़ से टकरा गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है।
