FEATUREDGeneralLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़जुर्मरायपुरराष्ट्रीय

फर्जी अफसर बनकर लाखों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर – भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों का फर्जी अधिकारी बनकर सरकारी नौकरी, ट्रांसफर और मनचाही पोस्टिंग दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी पहचान पत्र, एडिटेड फोटो और सरकारी रुतबे का इस्तेमाल कर लोगों का विश्वास जीतता था।

पुलिस के अनुसार, सिविल लाइन निवासी गुरु नारायण की शिकायत पर मामले की जांच शुरू की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले ट्रेन यात्रा के दौरान उसकी मुलाकात रजनीश कुमार राय से हुई थी। आरोपी ने स्वयं को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में सहायक आयुक्त बताकर पांच लाख रुपये में मनचाही पदस्थापना कराने का भरोसा दिलाया। बाद में उसके पहचान पत्र और दस्तावेज संदिग्ध लगने पर पूछताछ की गई, जिसमें उसकी फर्जी पहचान का खुलासा हुआ।

पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर/मध्य जोन) स्मृतिक राजनाला ने बताया कि आरोपी रजनीश कुमार राय उर्फ छोटू राय (29) छत्तीसगढ़ और बिहार के कई लोगों को सरकारी नौकरी, ट्रांसफर और पोस्टिंग दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर चुका है। ठगी से अर्जित रकम से उसने महंगे मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदे तथा लग्जरी जीवनशैली अपना रखी थी।

शिकायत की जांच के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, सिविल लाइन थाना और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों के फर्जी पहचान पत्र, फर्जी दस्तावेज, लैपटॉप, मोबाइल फोन, सिम कार्ड, नकदी तथा वारदात में इस्तेमाल की गई ‘भारत सरकार’ लिखी कार जब्त की गई।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है तथा इस ठगी नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

Admin

Reporter

Follow Us

Follow us on Facebook Follow us on Twitter Subscribe us on Youtube