रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम मोदी
बलरामपुर।- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर ने पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन कर केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केंद्रीय और राज्य की विभिन्न जांच एवं प्रशासनिक एजेंसियों का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही है। उनका कहना है कि राजनीतिक द्वेष की भावना से कार्रवाई की जा रही है और विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

कांग्रेस ने दावा किया कि पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी भी इसी राजनीतिक प्रतिशोध का हिस्सा है। पार्टी नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए तत्काल निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और चेतावनी दी कि यदि इस तरह की कार्रवाई बंद नहीं हुई तो कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज करेगी। वहीं, प्रशासन ने पूरे प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।

