पशु तस्करी पर बसंतपुर पुलिस का शिकंजा, बूचड़खाने ले जाई जा रहीं तीन भैंसें
बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले की बसंतपुर थाना पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से क्रूरतापूर्वक उत्तर प्रदेश के बूचड़खाने ले जाई जा रही तीन भैंसों को बरामद किया है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में भैंसों को अवैध रूप से भरकर उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर बसंतपुर थाना पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन में तीन भैंसों को अमानवीय तरीके से ठूंसकर ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने तत्काल तीनों भैंसों को सुरक्षित मुक्त कराया और वाहन को जब्त कर लिया। प्रारंभिक जांच में पशुओं के परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी संतोषजनक नहीं पाए गए। मामले में आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि पशुओं को कहां से लाया गया था और उन्हें किसके कहने पर उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में पशु तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अवैध पशु परिवहन और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
