13 जुलाई से विधानसभा का मानसून सत्र, 1033 सवालों के साथ सरकार को
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का पांच दिवसीय मानसून सत्र 13 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। सत्र को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने अपनी-अपनी रणनीति तैयार कर ली है। विपक्षी दल कांग्रेस ने सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने के लिए कुल 1033 सवाल लगाए हैं, जिससे सदन में तीखी बहस और राजनीतिक टकराव के आसार हैं।
कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याएं, नकटी भूमि विवाद, बिजली-पानी की व्यवस्था, मानसून के दौरान आपदा प्रबंधन, सड़क और पुलों की स्थिति समेत कई जनहित के मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगने की तैयारी की है। विपक्ष का दावा है कि प्रदेश में इन विषयों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है और सदन में इन मामलों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
वहीं, सत्तारूढ़ पक्ष ने भी विपक्ष के आरोपों का जवाब देने और अपनी उपलब्धियां गिनाने की रणनीति बनाई है। सरकार विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों और मानसून से जुड़ी तैयारियों का ब्यौरा सदन में पेश करेगी।
पांच दिनों तक चलने वाले इस मानसून सत्र में प्रश्नकाल, शून्यकाल और विभिन्न विधायी कार्यों के साथ कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। राजनीतिक दृष्टि से यह सत्र काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि सत्ता और विपक्ष के बीच कई मुद्दों पर आमने-सामने की टक्कर देखने को मिल सकती है।

