बारिश से रायपुर-दुर्ग हाईवे पर जलभराव, चंदनडीह में ट्रैफिक प्रभावित, मार्ग
दुर्ग। लगातार हो रही बारिश के कारण रायपुर-दुर्ग नेशनल हाईवे पर कुम्हारी के समीप चंदनडीह क्षेत्र में भारी जलभराव हो गया है। सड़क पर पानी भरने से वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई है और यातायात प्रभावित हो रहा है। वहीं सिरसा गेट मार्ग बंद होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थिति को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने तत्काल यातायात व्यवस्था में बदलाव करते हुए वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट कर दिया है। पुलिस द्वारा प्रभावित क्षेत्र में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है, ताकि यातायात सुचारु बना रहे और किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे जलभराव वाले मार्ग से गुजरने से बचें तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। साथ ही, बारिश के दौरान सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह भी दी गई है।
प्रशासन लगातार जलभराव की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पानी निकासी के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन लगातार बारिश के कारण हालात सामान्य होने में समय लग सकता है। ऐसे में यात्रियों से अनावश्यक यात्रा से बचने और यात्रा से पहले यातायात संबंधी जानकारी लेकर ही निकलने की अपील की गई है।
