माला पहनाने के बाद सरपंच परिवार का सामाजिक बहिष्कार! थाने पहुंचा मामला
बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर विकासखंड के हरिगवां गांव में सामाजिक बहिष्कार का मामला सामने आया है। गांव की महिला सरपंच के परिवार ने आरोप लगाया है कि पिछले एक वर्ष से समाज ने उनका बहिष्कार कर रखा है। परिवार का दावा है कि एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भाजपा नेता द्वारा महिला सरपंच को माला पहनाए जाने के बाद विवाद शुरू हुआ, जिसके चलते उन्हें सामाजिक रूप से अलग-थलग कर दिया गया।
![]()
पीड़ित परिवार के अनुसार, एक कार्यक्रम के दौरान इसके बाद समाज के कुछ लोगों ने इसका विरोध किया और पूरे परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया। परिवार का कहना है कि तब से उन्हें सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों में शामिल नहीं होने दिया जा रहा है।
परिवार का आरोप है कि समाज में दोबारा शामिल करने के लिए उन पर सामाजिक दंड लगाया गया है और कई शर्तें भी रखी गई हैं। पीड़ितों ने इन शर्तों को अनुचित और अपमानजनक बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
मामले को लेकर परिवार ने रघुनाथनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में भाजपा नेता मंशाराम साहू पर पंचायत के विकास कार्यों में उगाही करने के भी आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
