FEATUREDGeneralLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़जुर्मराजनीतिरायपुरराष्ट्रीय

भोरमदेव ईको ट्रेल-2026 की शुरुआत, अब हर सप्ताहांत जंगल और प्रकृति से

कवर्धा। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भोरमदेव में शनिवार से ‘भोरमदेव ईको ट्रेल-2026’ का शुभारंभ हो गया। वन विभाग की इस विशेष पहल का उद्देश्य पर्यटकों को प्राकृतिक सौंदर्य, जैव विविधता और ऐतिहासिक धरोहरों से परिचित कराते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।

Chattisgarh Wild Beauty: भोरमदेव में शुरू हुआ ईको ट्रेल, पर्यटक कर सकेंगे ऑनलाइन पंजीयन

इस ईको ट्रेल के तहत प्रत्येक शनिवार और रविवार को पर्यटकों को जंगल की ट्रेकिंग कराई जाएगी। ट्रेक के दौरान प्रतिभागी वन क्षेत्र की जैव विविधता, विभिन्न वनस्पतियों और वन्यजीवों के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। साथ ही उन्हें ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाले भोरमदेव मंदिर की विरासत से भी अवगत कराया जाएगा।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, ईको ट्रेल में सीमित संख्या में ही पर्यटकों को शामिल किया जाएगा, ताकि प्राकृतिक वातावरण पर अनावश्यक दबाव न पड़े और सभी प्रतिभागियों को बेहतर अनुभव मिल सके। इसमें भाग लेने के लिए ऑनलाइन पंजीयन की व्यवस्था की गई है।

अधिकारियों का कहना है कि यह पहल प्रकृति पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ लोगों में जंगलों, वन्यजीवों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उम्मीद है कि ‘भोरमदेव ईको ट्रेल-2026’ पर्यटकों के बीच रोमांच और प्रकृति से जुड़ाव का नया आकर्षण बनेगा।

Admin

Reporter