फल महोत्सव में आकर्षण का केंद्र बने एडवांस आम के पौधे
रायपुर। आमतौर पर लोग आम के पौधे लगाते हैं और वर्षों तक उसके फल देने का इंतजार करते हैं, लेकिन राजधानी रायपुर में आयोजित फल महोत्सव में इस बार प्रकृति प्रेमियों और बागवानी के शौकीनों के लिए एक अनूठी पहल आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां आम के स्वादिष्ट फलों के साथ-साथ ऐसे एडवांस ग्राफ्टेड आम के पौधों की भी बुकिंग की जा रही है, जो न केवल बड़े आकार के हैं, बल्कि पिछले दो वर्षों से फल भी दे रहे हैं।
करीब 15 से 20 फीट ऊंचे इन विकसित आम के पेड़ों की कीमत लगभग पांच हजार रुपये निर्धारित की गई है। विशेष बात यह है कि ये पौधे लगभग चार वर्ष की आयु के हैं और इनमें नियमित रूप से फल लग रहे हैं। एक पेड़ का वजन लगभग 100 किलोग्राम तक होता है, जिसे विशेष व्यवस्था के साथ बारिश के मौसम में खरीदारों तक पहुंचाया जाएगा।
फल महोत्सव में इन उन्नत पौधों की अग्रिम बुकिंग शुरू हो चुकी है। बागवानी विशेषज्ञों के अनुसार यह विकल्प उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी है, जो पौधों की शुरुआती वर्षों की देखरेख में अधिक समय नहीं दे पाते, लेकिन अपने घर या बगीचे में जल्द फलदार वृक्ष का आनंद लेना चाहते हैं। ऐसे पौधे लगाने वाले लोग अगले ही आम सीजन से अपने पेड़ के फलों का स्वाद ले सकेंगे।
महोत्सव में लंगड़ा, दशहरी, अलफांसो सहित कई उन्नत और लोकप्रिय किस्मों के विकसित पौधे उपलब्ध हैं। इनकी मांग लगातार बढ़ रही है और लोग अपने घरों, फार्म हाउसों तथा उद्यानों के लिए उत्साहपूर्वक बुकिंग करा रहे हैं।
फल महोत्सव की यह पहल न केवल बागवानी को बढ़ावा दे रही है, बल्कि लोगों को वर्षों के इंतजार के बजाय तत्काल फल देने वाले वृक्षों का विकल्प भी उपलब्ध करा रही है। आम प्रेमियों के लिए यह अवसर किसी सौगात से कम नहीं है, जहां वे आम का स्वाद भी ले सकते हैं और अपने आंगन के लिए फलता-फूलता आम का पेड़ भी चुन सकते हैं।

