जन्माष्टमी के दिन युवक की मौत, निजी क्लीनिक के इलाज पर उठे सवाल
मैनपुर। ब्लॉक के ग्राम सराईपानी निवासी 26 वर्षीय डिगने यादव की जन्माष्टमी के दिन इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक का अमलीपदर स्थित एक निजी क्लीनिक में उपचार चल रहा था। मौत के बाद परिजनों ने निजी क्लीनिक में उपचार के दौरान चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

परिजनों के अनुसार, डिगने यादव की तबीयत बिगड़ने पर उसे अमलीपदर स्थित निजी क्लीनिक में इलाज के लिए ले जाया गया था। उपचार के दौरान उसकी हालत और बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों ने उपचार के तरीके और चिकित्सकीय व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
परिजनों का आरोप है कि यदि समय रहते उचित उपचार और चिकित्सकीय सुविधा मिलती तो युवक की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से पूरे मामले की जांच कर उपचार में किसी तरह की लापरवाही हुई है या नहीं, इसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
स्वास्थ्य विभाग जांच टीम गठित करेगा
मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने भी जांच की बात कही है। विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच के लिए टीम गठित की जाएगी। जांच के दौरान युवक के उपचार से संबंधित दस्तावेज, दवाइयां और अन्य तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
फिलहाल युवक की मौत को लेकर परिजनों के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि उपचार के दौरान चिकित्सकीय लापरवाही हुई थी या नहीं।
