नवजात बच्चे को बेचने की कोशिश का आरोप, रायपुर में तीन महिलाएं गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी में नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। निःशुल्क प्रसव और उपचार कराने का झांसा देकर ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले की एक गर्भवती महिला को रायपुर बुलाया गया। आरोप है कि प्रसव के बाद उसके नवजात बच्चे को मोटी रकम लेकर निःसंतान दंपत्ति को बेचने की कोशिश की गई। पीड़िता के विरोध करने पर उसे डराने-धमकाने और बंधक बनाकर रखने का भी आरोप है। मामले में आजाद चौक पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इस पूरे मामले के पीछे सक्रिय संभावित नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता गर्भवती थी और इसी दौरान उसका संपर्क रायपुर निवासी कृतिका साहू से हुआ। कृतिका ने उसे निःशुल्क प्रसव और उपचार की सुविधा दिलाने का भरोसा दिया। इसी झांसे में आकर महिला ओडिशा से रायपुर पहुंची। यहां उसकी मुलाकात गीतिका नाग और अहिल्या नामदेव से कराई गई। इसके बाद उसे रायपुर के गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया।
बच्चे को बेचने के लिए बनाया दबाव
आरोप है कि तीनों महिलाओं ने पीड़िता की आर्थिक मजबूरी का फायदा उठाने की कोशिश की। उन्होंने नवजात बच्चे को किसी निःसंतान दंपत्ति को बेचने के बदले मोटी रकम मिलने का लालच दिया। हालांकि, पीड़िता इसके लिए तैयार नहीं हुई। उसके इनकार करने पर कथित तौर पर उसे डराया-धमकाया गया और बच्चे को बेचने के लिए दबाव बनाया गया।
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद पीड़िता को नवजात शिशु सहित दोबारा अहिल्या के घर ले जाया गया। आरोप है कि वहां उसे बंधक बनाकर रखा गया। आरोपियों ने प्रसव के दौरान हुए खर्च की भरपाई नवजात बच्चे को बेचकर करने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर मामले का खुलासा हुआ।
तीनों महिला आरोपी गिरफ्तार
पीड़िता की शिकायत पर थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 307/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3), 143(4), 318(4) एवं 61 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में कृतिका साहू (34 वर्ष), निवासी आमापारा रामकुंड रायपुर, अहिल्या नामदेव (40 वर्ष), निवासी सीतानगर गोगांव रायपुर और गीतिका नाग (36 वर्ष), निवासी स्टोर पारा पुरैना भिलाई-3, जिला दुर्ग शामिल हैं।
दूसरे मामलों से जुड़े नेटवर्क की भी जांच
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों के अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त से जुड़े मामलों में भी संलिप्त होने की आशंका सामने आई है। इसे देखते हुए पुलिस अब संभावित नेटवर्क, अन्य संदिग्धों और पूर्व में हुई ऐसी घटनाओं की जानकारी जुटा रही है। जांच में जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त से जुड़ा यह मामला बेहद गंभीर माना जा रहा है। पुलिस की जांच का दायरा अब केवल गिरफ्तार तीन महिलाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इनके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है और क्या इससे पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया गया है।
