FEATUREDLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़टेक्नोलॉजीरायपुर

Instagram पर अब नहीं दिखेगा अश्लील और हिंसक कंटेंट! Meta ने बदले

नई दिल्ली। इंस्टाग्राम यूजर्स के लिए कंटेंट देखने के अनुभव में बदलाव होने जा रहा है। सोशल मीडिया कंपनी मेटा ने भारत में इंस्टाग्राम के रेकमेंडेशन नियमों को सख्त करने की घोषणा की है। इसके तहत यूजर्स की रील्स और फीड में अश्लील, यौन रूप से आपत्तिजनक तथा हिंसा से जुड़े कंटेंट की सिफारिश पहले के मुकाबले कम की जाएगी। इस बदलाव का उद्देश्य यूजर्स को उनकी पसंद और उम्र के अनुरूप बेहतर कंटेंट दिखाना तथा संवेदनशील सामग्री की पहुंच सीमित करना है।

Instagram New Rules : अब इंस्टाग्राम पर कम दिखेंगी अश्लील और हिंसक पोस्ट, भारत सरकार के दबाव में Meta ने बदले नियम

रील्स, एक्सप्लोर और फीड पर दिखेगा असर

मेटा के मुताबिक, नए बदलाव उन पोस्ट और वीडियो पर लागू होंगे, जिन्हें इंस्टाग्राम ऐसे अकाउंट्स से यूजर्स को सुझाता है जिन्हें वे फॉलो नहीं करते। इसमें रील्स, एक्सप्लोर और फीड में दिखाई देने वाला रिकमेंडेड कंटेंट शामिल है। कंपनी ने अपने सिस्टम को भारतीय यूजर्स की पसंद और फीडबैक के आधार पर बेहतर बनाया है।

AI तकनीक से होगी कंटेंट की पहचान

मेटा अब पहले से अधिक सक्षम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल का इस्तेमाल कर रहा है। ये मॉडल किसी कंटेंट को रिकमेंड करने से पहले ही उसकी जांच कर सकेंगे। पहले कई मामलों में यूजर्स की रिपोर्ट या शिकायत के बाद कार्रवाई होती थी, लेकिन अब आपत्तिजनक सामग्री की पहचान पहले ही करने की कोशिश की जाएगी।

कंपनी का दावा है कि भारत में नए बदलावों के बाद रिकमेंड किए गए कंटेंट को लेकर यूजर्स की रिपोर्टिंग एक साल पहले की तुलना में लगभग आधी रह गई है। हालांकि, मेटा ने इस आंकड़े का विस्तृत ब्योरा साझा नहीं किया है।

आपत्तिजनक कंटेंट पर पूरी तरह प्रतिबंध नहीं

यह बदलाव अश्लील या हिंसक कंटेंट पर पूरी तरह प्रतिबंध नहीं है। इसका मुख्य उद्देश्य ऐसे कंटेंट को यूजर्स तक रिकमेंडेशन के जरिए पहुंचने से रोकना है। इंस्टाग्राम के कम्युनिटी स्टैंडर्ड का उल्लंघन करने वाली सामग्री पहले की तरह हटाई जाएगी, जबकि गैरकानूनी कंटेंट पर संबंधित देश के नियमों के अनुसार कार्रवाई होगी।

यूजर्स खुद भी नियंत्रित कर सकेंगे कंटेंट

इंस्टाग्राम ने यूजर्स को अपनी पसंद के अनुसार कंटेंट नियंत्रित करने के विकल्प भी दिए हैं। इसके लिए ऐप में Settings and Activity के अंदर Content Preferences में जाकर Sensitive Content Control का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा किसी पोस्ट या रील के तीन डॉट पर क्लिक करके Not Interested चुनने से भी उस तरह की सामग्री की सिफारिश कम करने में मदद मिलती है।

मेटा का कहना है कि वह यूजर्स के फीडबैक के आधार पर अपने सिस्टम में लगातार सुधार कर रहा है, ताकि इंस्टाग्राम पर लोगों को उनकी रुचि के अनुरूप कंटेंट दिखाया जा सके।

Admin

Reporter