पटवारी भर्ती का इंतजार खत्म! छत्तीसगढ़ में 200 पदों पर सीधी भर्ती को मंजूरी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। प्रदेश सरकार ने राजस्व विभाग में पटवारी के 200 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती को मंजूरी दे दी है। लंबे समय से पटवारी भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए इसे महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से 6 सितंबर 2026 को भर्ती संबंधी आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार, पटवारी के स्वीकृत रिक्त पदों पर भर्ती निर्धारित सेवा भर्ती नियमों और प्रचलित आरक्षण व्यवस्था के तहत की जाएगी।
CG Vyapam के माध्यम से होगा चयन
पटवारी पदों के लिए चयन प्रक्रिया छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam) के माध्यम से आयोजित की जाएगी। भर्ती परीक्षा और चयन से संबंधित प्रक्रिया चयन मंडल द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन के लिए अभी करना होगा इंतजार
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया CG Vyapam के पोर्टल पर भर्ती प्रस्ताव की प्रविष्टि के बाद शुरू होगी। यानी फिलहाल अभ्यर्थियों को आधिकारिक आवेदन तिथि और विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी होने का इंतजार करना होगा।
अभ्यर्थियों के लिए सलाह है कि वे आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, शुल्क, परीक्षा पैटर्न और अन्य पात्रता शर्तों से संबंधित आधिकारिक विज्ञापन जरूर देखें।
पटवारी के 200 पदों पर भर्ती की मंजूरी से प्रदेश के हजारों प्रतियोगी परीक्षार्थियों में उम्मीद जगी है। अब सभी की नजर CG Vyapam की ओर से जारी होने वाली आधिकारिक अधिसूचना और ऑनलाइन आवेदन की तारीख पर रहेगी।
