FEATUREDGeneralLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़जुर्मरायपुर

अवैध शराब पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, 6 आरोपी गिरफ्तार

गरियाबंद।- जिले के छुरा थाना क्षेत्र के डोंगरीपानी गांव में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति बनने पर पुलिस टीम को देर रात गांव से बाहर निकलना पड़ा। घटना के बाद शुक्रवार सुबह अतिरिक्त पुलिस बल के साथ दोबारा गांव पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार पुरुष, एक महिला और एक नाबालिग समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, डोंगरीपानी गांव में लंबे समय से अवैध शराब के निर्माण और बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर पुलिस टीम कार्रवाई के लिए गांव पहुंची थी। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिसकर्मियों से मारपीट करने तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण छुरा थाने पहुंच गए। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए थाने और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने स्पष्ट कहा कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों और पुलिस पर हमला करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Admin

Reporter

Follow Us

Follow us on Facebook Follow us on Twitter Subscribe us on Youtube