हवा में फ्यूल लीक से मचा हड़कंप, विमान की इमरजेंसी लैंडिंग
बिलासपुर। बिलासपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरने के बाद एक विमान में अचानक फ्यूल लीक की समस्या सामने आने से हड़कंप मच गया। विमान के हवा में पहुंचने के बाद तकनीकी गड़बड़ी का पता चला, जिसके बाद पायलट ने तत्काल सतर्कता बरतते हुए विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराने का फैसला लिया।

फ्यूल लीक की जानकारी सामने आते ही विमान में सवार करीब 40 यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। कुछ देर के लिए यात्रियों की सांसें अटक गईं। हालांकि पायलट और क्रू की सूझबूझ से विमान को सुरक्षित वापस उतार लिया गया।
बताया जा रहा है कि विमान में तकनीकी समस्या सामने आने के बाद सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों को राहत मिली। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद विमान की तकनीकी जांच की जा रही है। फ्यूल लीक की वजह और उड़ान के दौरान आई तकनीकी खराबी की विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।
