नेशनल स्लिंगशाट चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ का जलवा, नागेश साहू ने जीता
रायपुर। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित पहली नेशनल स्लिंगशाट चैंपियनशिप-2026 में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण और दो रजत पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में नागेश साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं श्रेयश बिसेन और राम बाई नागदौने ने अपने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीते। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से खेलप्रेमियों और प्रदेशवासियों में खुशी का माहौल है।

तीन खिलाड़ियों का वर्ल्ड कप के लिए चयन
नेशनल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के आधार पर नागेश साहू, श्रेयश बिसेन और राम बाई नागदौने का चयन अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। तीनों खिलाड़ी अक्टूबर 2026 में स्पेन में आयोजित होने वाले स्लिंगशाट वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखेगा छत्तीसगढ़ का दम
राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने के बाद अब इन खिलाड़ियों के सामने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका है। स्पेन में होने वाला वर्ल्ड कप इनके लिए अपनी खेल प्रतिभा को दुनिया के सामने साबित करने का बड़ा अवसर होगा।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। प्रदेश के खिलाड़ियों के लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन से अन्य युवा खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
