होटल कब्जे से लेकर डेढ़ करोड़ की ठगी तक, आरोपी दीपक टंडन रायपुर लाया
रायपुर। होटल पर अवैध कब्जा, जमीन की धोखाधड़ी, फर्जी सौदे, ठेका दिलाने के नाम पर ठगी और ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर आरोपों से घिरे दीपक टंडन को पुलिस बिलासपुर से प्रोडक्शन वारंट पर रायपुर लेकर पहुंची है। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के मुताबिक, दीपक टंडन के खिलाफ छत्तीसगढ़ के चार अलग-अलग जिलों में कुल आठ एफआईआर दर्ज हैं। उस पर विभिन्न मामलों में करीब डेढ़ करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। आरोपों में होटल पर अवैध कब्जा करने से लेकर जमीन के फर्जी सौदे, ठेका दिलाने के नाम पर रकम वसूलने और ब्लैकमेलिंग जैसी शिकायतें शामिल हैं।
वहीं, दीपक टंडन की पत्नी बरखा टंडन भी इस मामले से जुड़ी कानूनी कार्रवाई का सामना कर रही है। उसके खिलाफ रायपुर के तेलीबांधा थाने में एक प्रकरण दर्ज है। इस मामले में पुलिस उसे पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
दीपक टंडन को बिलासपुर से प्रोडक्शन वारंट पर रायपुर लाए जाने के बाद अब पुलिस विभिन्न मामलों में उससे पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई कर सकती है। चार जिलों में दर्ज आठ एफआईआर और करीब डेढ़ करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के आरोपों के चलते यह मामला चर्चा में है।
