61 करोड़ की संपत्ति कुर्की को चैतन्य बघेल ने दी चुनौती, अपीलेट ट्रिब्यूनल पहुंच
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई को चुनौती दी है। ईडी द्वारा करीब 61 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क किए जाने के मामले में चैतन्य बघेल ने दिल्ली स्थित अपीलेट ट्रिब्यूनल का दरवाजा खटखटाया है।
उन्होंने ईडी की इस कार्रवाई के खिलाफ अपील दायर कर कुर्की के आदेश को चुनौती दी है। मामला अब ट्रिब्यूनल के समक्ष विचाराधीन है। इस अपील के जरिए चैतन्य बघेल ने ईडी की कार्रवाई पर कानूनी राहत मांगी है।

ट्रिब्यूनल ने ईडी को जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। सुनवाई के दौरान ईडी की ओर से जवाब पेश करने के लिए तीन से चार सप्ताह का अतिरिक्त समय मांगा गया, लेकिन ट्रिब्यूनल ने समय देने से इनकार कर दिया। अब इस मामले की अगली सुनवाई 23 नवंबर को निर्धारित की गई है।
355 प्लॉट की कब्जा कार्रवाई को भी चुनौती
चैतन्य बघेल ने दुर्ग जिले की विट्ठल ग्रीन कॉलोनी के 355 प्लॉटों पर ईडी की कब्जे की कार्रवाई को भी चुनौती दी है। कॉलोनी में कुल 385 प्लॉट हैं, जिनमें से 30 प्लॉट पहले ही आम खरीदारों को बेचे जा चुके हैं। ईडी ने दीपावली की छुट्टियों के दौरान इन 355 प्लॉटों पर जब्ती संबंधी नोटिस चस्पा कर कब्जे की कार्रवाई की थी।
शराब घोटाले की जांच से जुड़ा है मामला
यह पूरा मामला छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले से जुड़ा है। ईडी का आरोप है कि शराब सिंडिकेट से अर्जित अपराध की कथित कमाई को रियल एस्टेट कारोबार में निवेश किया गया। एजेंसी ने नवंबर 2025 में चैतन्य बघेल की करीब 61.20 करोड़ रुपये की संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया था। इसमें आवासीय और कृषि भूमि के साथ बैंक बैलेंस एवं फिक्स्ड डिपॉजिट भी शामिल थे। हालांकि, कुर्की को चुनौती देने वाली अपील पर अंतिम फैसला आना बाकी है
