धान खरीदी के बीच प्रशासन का छापा, व्यापारी के प्रतिष्ठान से 17 क्विंटल धान
बाजार अतरिया। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में खाद्य विभाग एवं कृषि उपज मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने बाजार अतरिया में एक व्यापारिक प्रतिष्ठान पर औचक छापेमार कार्रवाई की। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में 17 क्विंटल धान का अवैध भंडारण पाए जाने पर टीम ने मौके से धान जब्त कर लिया।

जानकारी के अनुसार, प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य जारी है। इस दौरान किसानों के धान की खरीदी व्यवस्था में किसी तरह की गड़बड़ी, अवैध भंडारण और धान की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। इसी अभियान के तहत संयुक्त टीम ने बाजार अतरिया स्थित मेसर्स आगर चंद पारख के व्यापारिक प्रतिष्ठान में अचानक दबिश दी।
निरीक्षण के दौरान टीम ने प्रतिष्ठान में रखे धान के स्टॉक और उससे संबंधित दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान मौके पर 17 क्विंटल धान का अवैध भंडारण पाया गया। आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में टीम ने नियमानुसार धान जब्त करने की कार्रवाई की।
अवैध भंडारण करने वालों पर प्रशासन की नजर
धान खरीदी सीजन में अवैध रूप से धान का संग्रहण कर उसे दूसरे माध्यमों से खपाने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। अधिकारियों द्वारा व्यापारिक प्रतिष्ठानों, राइस मिलों और धान के कारोबार से जुड़े अन्य केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसके साथ ही धान के स्टॉक और संबंधित दस्तावेजों का मिलान भी किया जा रहा है, ताकि अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
बाजार अतरिया में हुई इस कार्रवाई के बाद धान कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और अवैध भंडारण व कालाबाजारी रोकने के लिए निगरानी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
