विधवा मां की गैरमौजूदगी में घर पर चला बुलडोजर, सौतेले बेटे पर गंभीर आरोप
बलरामपुर। जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के डिपाडीह गांव में एक वृद्ध विधवा महिला के मकान को जेसीबी से तोड़े जाने का मामला सामने आया है। महिला ने अपने सौतेले बेटे पर उसकी गैरमौजूदगी में मकान को ध्वस्त कराने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि तोड़े गए मकान में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बना घर भी शामिल था। घटना के बाद पीड़िता ने शंकरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराकर मामले की जांच और न्याय की मांग की है।

मकान टूटने के बाद महिला ने घर में रखे सामान के मलबे में दब जाने का आरोप लगाया है। इसके अलावा घर में रखी रकम को भी निकाल लिए जाने का आरोप महिला ने लगाया है। अचानक मकान टूटने से पीड़िता के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला ने शंकरगढ़ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही मकान तोड़े जाने और घर में रखे सामान तथा रकम से जुड़े आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इधर मामले की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेत्री संस्कृति रक्सेल भी मौके पर पहुंचीं और पीड़ित महिला से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने घटना से जुड़े तथ्यों को समझने के साथ महिला की स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी।

