FEATUREDGeneralLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़जुर्मरायपुर

नशीली कफ सिरप के साथ दो गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गोलबाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 28 नग प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप, एक NTORQ मोपेड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है।

https://www.instagram.com/reel/DeL3Bd3iqOP/?utm_source=ig_web_copy_link&stkn=MzRlODBiNWFlZA==

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नशीले पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सभी थाना प्रभारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत गोलबाजार थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति स्कूटी क्रमांक CG-04-NV-7257 में प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप लेकर बिक्री के लिए घूम रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने शास्त्री बाजार रोड से लोहार गली होते हुए मोतीबाग चौक की ओर निगरानी शुरू की। संदिग्ध वाहन और उसमें सवार दोनों व्यक्तियों को रोककर पुलिस ने तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से Codeine Phosphate Triprolidine Syrup ONEREX Cough Syrup बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार, कुल 28 नग सिरप बरामद किए गए हैं। प्रत्येक बोतल में 100 एमएल सिरप है, जिसकी कीमत 201.50 रुपये प्रति बोतल बताई गई है। इस हिसाब से बरामद नशीली सिरप की कुल कीमत 5,642 रुपये है।

इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से NTORQ मोपेड क्रमांक CG-04-NV-7257 और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त वाहन और मोबाइल समेत पूरे सामान की अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है।

एसीपी रमाकांत साहू ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर गोलबाजार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। जांच के दौरान दोनों आरोपी प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के साथ पकड़े गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी प्रतिबंधित कफ सिरप कहां से लेकर आए थे और इसे किन लोगों तक पहुंचाने की तैयारी थी। साथ ही नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि राजधानी में नशीले पदार्थों की बिक्री और सप्लाई करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में आरोपियों के साथ-साथ नशीली दवाइयों की सप्लाई चेन से जुड़े लोगों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Admin

Reporter