आदिवासी मजदूरों से बर्बरता, तीन पर एफआईआर
जशपुर। जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में दो आदिवासी मजदूरों के साथ कथित रूप से बंधक बनाकर मारपीट करने और उन्हें निर्वस्त्र कर वीडियो बनाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित विल्सन तिर्की और आनंद कुजूर के साथ बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट किए जाने तथा उन्हें निर्वस्त्र कर वीडियो बनाए जाने का आरोप है। मामले की शिकायत के बाद सन्ना थाना पुलिस ने राहुल कृषि केंद्र के संचालक राहुल केसरी, प्रियांशु केसरी और प्रेमचंद केसरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी

