FEATUREDGeneralLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़जुर्मरायपुर

बलरामपुर में धान तस्करी पर प्रशासन का शिकंजा, रात में दो पिकअप से 108

बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले में अवैध धान परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने रात में सख्ती दिखाते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की है। एसडीएम रामानुजगंज आनंद राम नेताम के नेतृत्व में टीम ने रात्रि गश्त के दौरान धान से लदे दो पिकअप वाहनों को पकड़ा। दोनों वाहनों से कुल 108 बोरी धान जब्त किया गया है। कार्रवाई के बाद संबंधित वाहनों और धान को पुलिस थानों के सुपुर्द कर दिया गया है।

 

जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई चुनापत्थर मार्ग पर की गई। यहां उत्तर प्रदेश की ओर से कथित रूप से अवैध तरीके से 53 बोरी धान का परिवहन कर रहे एक पिकअप वाहन को पकड़ा गया। प्रशासन ने मामले में प्रकरण तैयार कर वाहन और धान को डिंडो थाना के सुपुर्द कर दिया।

वहीं, दूसरी कार्रवाई मध्यरात्रि करीब 12 बजे मंडरू-घुटरा मार्ग पर की गई। इस दौरान धान लेकर जा रहे एक अन्य पिकअप वाहन की जांच की गई, जिसमें 55 बोरी धान मिला। प्रशासनिक टीम ने धान सहित वाहन को थाना सनवाल के सुपुर्द किया है। साथ ही परिवहनकर्ता के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

अवैध परिवहन पर प्रशासन की निगरानी

जिले में धान के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन की टीम रात्रि गश्त कर रही है। एक ही रात में दो अलग-अलग मार्गों पर हुई कार्रवाई से अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन की सक्रियता के बीच अब यह देखना होगा कि आगे ऐसी कार्रवाई से अवैध धान परिवहन पर कितनी रोक लग पाती है।

फिलहाल, प्रशासन की इस कार्रवाई ने धान के अवैध परिवहन पर निगरानी बढ़ाए जाने के संकेत दिए हैं। आने वाले दिनों में भी जांच और कार्रवाई जारी रहती है या नहीं, इस पर सबकी नजर रहेगी।

Admin

Reporter