फर्जी वन अधिकार पट्टा बनाकर 2.10 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
कबीरधाम। वन अधिकार पट्टा दिलाने के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर ग्रामीणों से 2 लाख 10 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में झलमला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजेन्द्र धुर्वे (36), निवासी ग्राम अंजना, थाना झलमला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजकर जिला जेल कबीरधाम दाखिल कराया है।

https://www.instagram.com/reel/DeGq6xoi85F/?utm_source=ig_web_copy_link&stkn=MzRlODBiNWFlZA
पुलिस के अनुसार ग्राम अंजना निवासी पंछू सिंह धुर्वे ने झलमला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि राजेन्द्र धुर्वे ने उसे और उसकी पत्नी के नाम पर वन अधिकार पट्टा बनवाने का झांसा देकर 1 लाख रुपये लिए थे। आरोपी ने इसके एवज में वन अधिकार पट्टा उपलब्ध कराया। पंछू सिंह जब उक्त दस्तावेज लेकर केसीसी ऋण और खाद लेने सोसायटी पहुंचा, तब उसे दस्तावेज के फर्जी होने की जानकारी मिली।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान सामने आया कि आरोपी ने संतोष धुर्वे से 60 हजार रुपये और चमर सिंह कुशरे से 50 हजार रुपये भी वन अधिकार पट्टा बनवाने के नाम पर लिए थे। इस तरह आरोपी द्वारा कुल 2 लाख 10 हजार रुपये की रकम वसूले जाने की जानकारी सामने आई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित वन अधिकार पट्टों का वन विभाग कवर्धा से सत्यापन कराया। सत्यापन में इन पट्टों का विभागीय रिकॉर्ड में कोई उल्लेख नहीं मिला। जांच में दस्तावेज फर्जी एवं कूटरचित पाए गए।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी राजेन्द्र धुर्वे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर फर्जी कूटरचित वन अधिकार पट्टा तैयार करना स्वीकार किया। आरोपी के पास रखी फर्जी दस्तावेजों की प्रतियां भी पुलिस ने जब्त की हैं।
झलमला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 14/2026 के तहत धारा 318(4), 338 एवं 336(3) बीएनएस में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक हिरासत में जिला जेल कबीरधाम भेज दिया।
