FEATUREDGeneralLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़जुर्मरायपुर

घर के आंगन से निकला युवक कुएं में गिरा, डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद

बिलासपुर। जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सुकुलकारी (बड़ेकारी) में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय युवक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रकाश भार्गव के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया। युवक को बचाने के लिए माता-पिता ने हरसंभव प्रयास किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात प्रकाश भार्गव अपने घर के आंगन से बाहर निकला था। इसी दौरान अचानक उसके कुएं में गिरने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही घर में मौजूद माता-पिता घबराकर बाहर पहुंचे। बेटे को कुएं में गिरा देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल उसे बचाने की कोशिश शुरू की और आसपास के लोगों को भी घटना की जानकारी दी।

डेढ़ घंटे तक चला रेस्क्यू अभियान

घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक को कुएं से बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से करीब डेढ़ घंटे तक युवक को बाहर निकालने के लिए मशक्कत की गई। काफी प्रयासों के बाद प्रकाश को कुएं से बाहर निकाला जा सका।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

कुएं से बाहर निकालने के बाद युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जिस घर में कुछ देर पहले तक सामान्य माहौल था, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई।

गांव में पसरा मातम

26 वर्षीय युवक की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। फिलहाल युवक कुएं में किन परिस्थितियों में गिरा, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

Admin

Reporter