FEATUREDGeneralLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़राजनीतिरायपुर

दीपावली से पहले कबीरधाम पुलिस अलर्ट, पटाखा दुकानदारों को सुरक्षा मानकों

कबीरधाम। दीपावली पर्व को देखते हुए कबीरधाम पुलिस ने शहर में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पटाखों के सुरक्षित विक्रय एवं भंडारण को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पटाखा व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों को अग्नि सुरक्षा और आवश्यक सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में तहसीलदार, नगर पालिका परिषद की टीम, पुलिस विभाग, जिला प्रशासन और एसडीआरएफ के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में पटाखा व्यापारी शामिल हुए। बैठक में दीपावली के दौरान संभावित आगजनी और अन्य दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजामों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पटाखा दुकानों का संचालन केवल निर्धारित एवं अनुमति प्राप्त स्थानों पर ही किया जाए। प्रत्येक दुकान में अग्निशमन यंत्र, पानी और रेत से भरी बाल्टियां सहित जरूरी अग्नि सुरक्षा उपकरण उपलब्ध होने चाहिए। दुकानों में विद्युत वायरिंग सुरक्षित रखने, खुले तार और अस्थायी विद्युत कनेक्शन से बचने तथा ज्वलनशील सामग्री का उपयोग नहीं करने की हिदायत दी गई।

इसके अलावा पटाखा दुकानों के आसपास धूम्रपान, बीड़ी, सिगरेट, माचिस और किसी भी प्रकार की खुली आग पर प्रतिबंध रखने के निर्देश दिए गए। पटाखों का भंडारण निर्धारित क्षमता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप करने के साथ दुकानों में आने-जाने के रास्ते खुले रखने को कहा गया, ताकि आपातकालीन स्थिति में बचाव एवं राहत कार्य में किसी तरह की बाधा न आए।

प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री पर रहेगी रोक

व्यापारियों को पटाखों का विक्रय निर्धारित नियमों और समय-सीमा के अनुसार करने तथा प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए गए। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आवागमन, पटाखा दुकानों के आसपास पार्किंग और अग्निशमन वाहनों एवं आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ता उपलब्ध रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई।

जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर पालिका और एसडीआरएफ की टीम के बीच बेहतर समन्वय बनाकर सुरक्षा एवं आपातकालीन व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पुलिस का उद्देश्य दीपावली के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।

पुलिस की नागरिकों से अपील

कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से दीपावली का त्योहार सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि पटाखे खुले एवं सुरक्षित स्थानों पर ही जलाएं, बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें और ज्वलनशील पदार्थों के आसपास आतिशबाजी करने से बचें। किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में तत्काल पुलिस या संबंधित विभाग को सूचना दें। पुलिस ने त्योहार की खुशियों के साथ स्वयं और दूसरों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।

Admin

Reporter