FEATUREDGeneralLatestNewsUncategorizedछत्तीसगढ़जुर्मरायपुर

70 बैलों की तस्करी का बड़ा खेल बेनकाब, 23 आरोपी गिरफ्तार

जशपुर/पत्थलगांव। जशपुर पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 बैलों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। ऑपरेशन शंखनाद के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में जशपुर जिले के अलावा झारखंड के गुमला जिले के लोग भी शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से गौवंश तस्करों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पत्थलगांव पुलिस को सूचना मिली थी कि बड़ी संख्या में बैलों को अवैध रूप से पैदल हांककर दूसरे राज्य ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने ग्राम बेलडेगी में घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान 23 लोग 70 बैलों को पैदल ले जाते हुए मिले। पुलिस ने सभी संदिग्धों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया।

पूछताछ के दौरान पुलिस ने जब आरोपियों से गौवंशों के परिवहन और स्वामित्व से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे तो वे कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने सभी 23 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया गया है।

पुलिस ने मुक्त कराए गए सभी 70 गौवंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इसके बाद उन्हें सुरक्षित देखरेख के लिए गौशाला भेज दिया गया।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौवंश तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई को गौवंश तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Admin

Reporter