तांत्रिक क्रिया के शक में ग्रामीणों ने बाबा को पीटा, हाथ की हड्डी टूटी
बिलासपुर। जिले के कोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत देवनगर में तांत्रिक क्रिया के संदेह में ग्रामीणों द्वारा झाड़फूंक करने वाले बाबा और उनके साथियों की बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। इस घटना में बाबा शिवराम साहू के हाथ की हड्डी टूट गई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, देवनगर में कब्रिस्तान के पास बाबा शिवराम साहू अपने कुछ साथियों के साथ रहकर झाड़फूंक का काम करते थे। बताया जा रहा है कि ग्रामीण अपने एक स्वजन की चिता देखने के लिए वहां पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें बाबा और उनके साथियों की गतिविधियों पर संदेह हुआ। ग्रामीणों को आशंका हुई कि वहां तांत्रिक क्रिया की जा रही है। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते ग्रामीणों ने बाबा व उनके साथियों पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान बाबा शिवराम साहू के साथ जमकर मारपीट की गई, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई और हड्डी टूट गई। घटना के बाद मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जुर्म दर्ज किया है।
फिलहाल कोनी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस वायरल वीडियो और घटना से जुड़े तथ्यों के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। तांत्रिक क्रिया के संदेह में कानून हाथ में लेकर की गई इस मारपीट की घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

