बंगाल की खाड़ी का डीप डिप्रेशन छत्तीसगढ़ में बरसा, बांधों के गेट खुले
रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने शक्तिशाली मौसमी सिस्टम के आंध्र प्रदेश तट से टकराने के बाद इसका असर छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में देखने को मिल रहा है। सिस्टम के प्रभाव से ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल समेत कम से कम नौ राज्यों में भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे से कई इलाकों में भारी से बेहद भारी बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना यह सिस्टम ‘डीप डिप्रेशन’ है, जो चक्रवात से एक स्तर कमजोर मौसमी प्रणाली मानी जाती है। इसके प्रभाव से प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। आईएमडी के अनुसार यह सिस्टम शुक्रवार देर रात तक धीरे-धीरे कमजोर होकर डिप्रेशन में तब्दील हो सकता है।
मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश का सबसे ज्यादा जोर बताया जा रहा है। लगातार बारिश के कारण शहरों में जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन रही है। कई इलाकों में सड़कें पानी से भर गई हैं, जबकि भारी बारिश का असर नेशनल हाईवे पर भी पड़ा है। इससे आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है।
इधर, भारी बारिश और जलभराव के बीच जलाशयों में भी पानी की आवक बढ़ गई है। सेंट्रल वाटर कमीशन से प्राप्त जानकारी के अनुसार धमतरी जिले के गंगरेल बांध के 14 गेट, खातिगुड़ा बांध के 3 गेट और मुरान बांध के 2 गेट खोले गए हैं। इन जलाशयों से छोड़ा गया पानी करीब 7 से 8 घंटे में जगदलपुर क्षेत्र तक पहुंचने की संभावना है। इसके चलते इंद्रावती नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सभी तहसीलदारों को नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क करने के निर्देश दिए हैं। आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य के लिए राहत शिविर तैयार रखने को भी कहा गया है। प्रशासन की ओर से नदी और निचले इलाकों में लगातार निगरानी रखने की बात कही गई है।
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने प्रशासन को स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने और जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने में किसी भी तरह की देरी नहीं करने के निर्देश दिए हैं। जिला स्तर पर अधिकारियों को अलर्ट रहने और संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने को कहा गया है।

