नशे की टैबलेट के साथ आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में आजाद चौक थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीली टैबलेट की अवैध बिक्री करने की फिराक में घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी संख्या में प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बरामद की गई हैं।

पुलिस के मुताबिक, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना आजाद चौक पुलिस को सूचना मिली थी कि सताक्षी मंदिर के सामने स्थित खाली प्लॉट में एक व्यक्ति नशीली टैबलेट लेकर बिक्री के लिए घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान धनेश संगतानी के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 100 नग प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार जब्त टैबलेट की कुल कीमत 40 हजार रुपये से अधिक है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही नशीली टैबलेट की अवैध बिक्री और सप्लाई से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
