निलंबित 800 से ज्यादा शिक्षक होंगे बहाल? स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग अब निलंबित शिक्षकों की सेवाओं का भी उपयोग करने की तैयारी में है। प्रदेश में अलग-अलग मामलों में निलंबित 800 से अधिक शिक्षकों के प्रकरणों की समीक्षा की जाएगी।

विभागीय स्तर पर इन मामलों की जांच कर यह देखा जाएगा कि किन शिक्षकों को नियमानुसार बहाली के योग्य माना जा सकता है। समीक्षा के बाद पात्र पाए जाने वाले शिक्षकों को निलंबन से बहाल कर जरूरत के अनुसार सरकारी स्कूलों में पदस्थ किया जा सकता है।
शिक्षकों की कमी के चलते कई सरकारी स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में विभाग का यह कदम उपलब्ध मानव संसाधन का बेहतर उपयोग करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि निलंबित शिक्षकों के मामलों की समीक्षा में उनके निलंबन के कारण, विभागीय जांच की स्थिति और वर्तमान नियमों को ध्यान में रखा जाएगा। पात्र शिक्षकों की बहाली के बाद उन्हें उन स्कूलों में पदस्थ किया जा सकता है, जहां शिक्षकों की सबसे अधिक आवश्यकता है।
हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि समीक्षा की प्रक्रिया कब पूरी होगी और कितने शिक्षकों को बहाली का लाभ मिलेगा। विभागीय समीक्षा के बाद ही इसकी तस्वीर साफ होगी। यदि बड़ी संख्या में शिक्षक बहाल होते हैं तो इससे सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने में मदद मिल सकती है।
