बाल संप्रेक्षण गृह के बाथरूम में नाबालिग ने लगाई फांसी, दुष्कर्म के मामले में था
बिलासपुर। नूतन कॉलोनी चौक स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में रायगढ़ से लाए गए दुष्कर्म के मामले में आरोपी एक नाबालिग ने कथित तौर पर बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही संप्रेक्षण गृह में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि नाबालिग ने गमछे का इस्तेमाल कर फांसी लगाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा संप्रेक्षण गृह में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
नाबालिग की मौत के बाद बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
