इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार बना मौत की वजह, प्रेमी ने युवती की हत्या कर शव
रायपुर। राजधानी रायपुर के WRS कॉलोनी तालाब में युवती नंदनी जैन का शव मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए उसके प्रेमी करण तांडी को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ प्रेम संबंध बेवफाई के शक और आपसी विवाद के चलते हत्या में बदल गया।

पुलिस के अनुसार, नंदनी जैन और करण तांडी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों की मुलाकात इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। हाल के दिनों में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया था। पूछताछ में सामने आया कि प्रेमी को युवती पर बेवफाई का शक था, जिसके चलते दोनों के बीच तीखी कहासुनी हुई।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, विवाद के दौरान करण तांडी ने कथित रूप से नंदनी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से उसने शव को WRS कॉलोनी स्थित तालाब में फेंक दिया।
युवती का शव मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसके बाद संदेह के आधार पर करण तांडी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें मामले के अहम तथ्य सामने आए।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और हत्या में प्रयुक्त परिस्थितियों, घटनाक्रम तथा अन्य साक्ष्यों को एकत्र किया जा रहा है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
