कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन को मिली स्वीकृति, 16 साल पुराने जनआंदोलन को
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की बहुप्रतीक्षित कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना को स्वीकृति मिलने के बाद 16 वर्षों से चल रहे जनआंदोलन को बड़ी सफलता मिली है। छात्र युवा नागरिक रेलवे जोन संघर्ष समिति ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि इस रेल लाइन की मांग को लेकर वर्ष 2010 से लगातार आंदोलन, ज्ञापन, धरना-प्रदर्शन और जनजागरण अभियान चलाए गए। लंबे संघर्ष के बाद परियोजना को मिली मंजूरी क्षेत्र की जनता की जीत है।
समिति ने केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। समिति का कहना है कि मंत्री ने केंद्र सरकार के समक्ष इस महत्वपूर्ण परियोजना को प्रभावी ढंग से उठाया, जिसके परिणामस्वरूप इसे स्वीकृति मिली।
समिति के अनुसार कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन बनने से कोरबा, राजनांदगांव, बिलासपुर सहित आसपास के जिलों की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे औद्योगिक विकास, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, साथ ही आम लोगों को भी बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।
संघर्ष समिति ने उम्मीद जताई कि अब परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी ताकि क्षेत्र की जनता को जल्द इसका लाभ मिल सके। समिति ने इस उपलब्धि को जनसहभागिता, सतत संघर्ष और सकारात्मक राजनीतिक पहल का परिणाम बताते हुए सभी आंदोलनकारियों एवं नागरिकों को बधाई दी।

