महानदी जल विवाद सुलझाने पर बनी सहमति, छत्तीसगढ़-ओडिशा मिलकर
रायपुर/नई दिल्ली। महानदी जल विवाद को लेकर नई दिल्ली में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के मुख्यमंत्रियों ने आपसी सहमति और संवाद के माध्यम से समाधान निकालने पर जोर दिया। बैठक में दोनों राज्यों ने वैज्ञानिक अध्ययन और संयुक्त प्रबंधन तंत्र के जरिए जल विवाद का स्थायी समाधान तलाशने पर सहमति जताई।
_m.webp)
बैठक में महानदी के जल के न्यायसंगत और संतुलित उपयोग पर विस्तार से चर्चा हुई। दोनों राज्यों ने माना कि नदी का जल दोनों प्रदेशों के लिए महत्वपूर्ण संसाधन है, इसलिए विवाद के बजाय सहयोग और समन्वय के जरिए आगे बढ़ना आवश्यक है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि महानदी से जुड़े तकनीकी और वैज्ञानिक पहलुओं का संयुक्त अध्ययन कराया जाएगा। साथ ही दोनों राज्यों के अधिकारियों की संयुक्त समिति गठित कर जल प्रबंधन, जल उपलब्धता और भविष्य की आवश्यकताओं का आकलन किया जाएगा, ताकि तथ्यात्मक आधार पर निर्णय लिए जा सकें।
दोनों मुख्यमंत्रियों ने विश्वास जताया कि निरंतर संवाद और आपसी सहयोग से वर्षों पुराने महानदी जल विवाद का स्थायी और व्यावहारिक समाधान निकाला जा सकेगा। बैठक को दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
