छह साल से टूटा पुल, अब ग्रामीणों ने खुद बनाया रास्ता
बलौदाबाजार। जिले में बालमदेही नदी पर बना पुल छह वर्ष पहले ढह जाने के बाद आज भी पुनर्निर्मित नहीं हो सका है। पुल के अभाव में करीब 30 गांवों के लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बावजूद समाधान नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने स्वयं पहल करते हुए चंदा एकत्र किया और श्रमदान से नदी पार करने के लिए अस्थायी रास्ता तैयार कर लिया।

ग्रामीणों के अनुसार, पुल टूटने के बाद से क्षेत्र के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और दैनिक जरूरतों के लिए लंबा चक्कर लगाकर आवागमन करना पड़ता है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे ग्रामीणों का संपर्क कई बार पूरी तरह बाधित हो जाता है।
लगातार उपेक्षा से नाराज ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से धन जुटाया और श्रमदान कर अस्थायी मार्ग तैयार किया, ताकि लोगों को आवागमन में कुछ राहत मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि यह व्यवस्था केवल अस्थायी समाधान है और बरसात के दौरान यह भी सुरक्षित नहीं रहती।
ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन से बालमदेही नदी पर शीघ्र स्थायी पुल का निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि वर्षों से लंबित इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि 30 गांवों के हजारों लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
